मोगी न्यूज़,16 जनवरी 2026:
भारत में किसानों को नकली बीज बेचना एक गंभीर और संगठित अपराध है, लेकिन दुर्भाग्यवश इसे आज भी एक सामान्य विवाद मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। Seeds Act, 1966 के अंतर्गत केवल ₹500 के जुर्माने का प्रावधान होने के कारण यह भ्रम फैलाया जाता है कि नकली बीज बेचने वालों के खिलाफ कोई सख्त कानून ही मौजूद नहीं है।
जबकि सच्चाई यह है कि भारतीय न्याय संहिता सहित कम से कम तीन प्रभावी कानून ऐसे हैं, जिनके तहत किसान को मुआवजा दिलाया जा सकता है और दोषी नकली बीज विक्रेता को 7 साल तक की जेल की सजा भी हो सकती है।
भारत में नकली बीज की समस्या से कोई अनजान नहीं है। जरूरत इस बात की है कि सरकार और व्यवस्था इस गंभीर अपराध को गंभीरता से लें। नकली बीज सीधे तौर पर किसान की आर्थिक रीढ़ तोड़ देता है। फसल नष्ट होने पर किसान कर्ज नहीं चुका पाता और कई बार आत्महत्या जैसा भयावह कदम उठाने को मजबूर हो जाता है।
कई मामलों में नकली बीज के कारण फसल नहीं हुई, बेटी की शादी टल गई, बच्चों की पढ़ाई रुक गई, प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद भी दाखिला नहीं मिल पाया। ऐसे मामले लाखों नहीं, करोड़ों में हैं।
लेकिन नकली बीज बनाने वाली कंपनियों और कृषि विभाग के कुछ अधिकारियों के अपवित्र गठजोड़ ने किसानों को शुरू से ही इतना हतोत्साहित कर दिया है कि वे शिकायत करने तक का साहस नहीं कर पाते।
अब यह जिम्मेदारी उन जागरूक लोगों की है, जो सच्चाई जानते हैं, कि वे किसानों को सही जानकारी दें। किसानों को बताया जाए कि सिर्फ Seeds Act, 1966 ही नहीं, बल्कि भारतीय न्याय संहिता और उपभोक्ता फोरम भी उनके अधिकारों की रक्षा करते हैं और न्याय दिलाने की पूरी क्षमता रखते हैं।
Seeds Act, 1966 क्या है
जैसा के नाम से स्पष्ट है यह कानून नकली बीज के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 1966 में बनाया गया था। किसानों के मामले में हर साल बड़े आंदोलन होते हैं लेकिन किसानों के नेताओं ने भी कभी Seeds Act, 1966 में कठोर प्रावधान करने की मांग प्रमुखता से नहीं की। Seeds Act, 1966 के तहत बिना रजिस्ट्रेशन के, अमानक, मिलावटी या किसी झूठे नाम से बीज बिक्री करना अपराध है। बीज निरीक्षक को सैंपल लेने और सीज़ करने का अधिकार अधिकार है। अपराधी पाए जाने पर 6 महीने जेल अथवा ₹500 तक जुर्माना का प्रावधान है। दूसरी बार पकड़े जाने पर 1 साल जेल अथवा ₹1000 तक जमाने का प्रावधान है।
सरकार ने बड़ी चतुराई के साथ में “अथवा” लगाकर नकली बीज बेचने की अपराध को बिना हेलमेट वाले ट्रैफिक चालान से भी कमजोर कर दिया। यदि 6 महीने जेल अथवा ₹500 तक जुर्माना के स्थान पर 6 महीने जेल और ₹500 जुर्माना होता तो यह कानून थोड़ा दमदार होता।
सरकार कितनी सतर्क है, आंकड़ों से सुनिए
हमने केंद्रीय वेबसाइटों, सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट, हिंदी और अंग्रेजी भाषा में लोकल न्यूज वेबसाइट्स और ChatGPT AI इत्यादि कई सोर्स का उपयोग करके यह जानने का प्रयास किया कि साल 2025 में Seeds Act, 1966 के तहत बीज निरीक्षक के द्वारा कुल कितने सैंपल कलेक्ट किए गए। एवं कितने विक्रेताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। आंसर बिल्कुल वही है जो आप सोच रहे हैं, लोकल से लेकर दिल्ली तक, किसानों के लिए काम करने वाले नेताओं से लेकर विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों तक, किसी के भी सोशल मीडिया पर इस बारे में हमको कोई जानकारी नहीं मिली। पूरा साल बीत गया और किसी ने इस कानून पर चर्चा तक नहीं की।
अब भारत सरकार Seeds Bill, 2025 ने तैयार किया है और एक बार फिर इसके बारे में चर्चा शुरू हो गई है। Seeds Bill, 2025 में क्या प्रावधान है और यह किसने की किस प्रकार से रक्षा करेगा यह तो ड्राफ्ट के सामने आने के बाद ही पता चलेगा लेकिन आज अपन को यह पता चल गया कि एक कानून है जिसके तहत मामला दर्ज करवाया जा सकता है। सजा कम हो या ज्यादा लेकिन मामला दर्ज करवाना चाहिए।
उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम
नकली बीच के मामले में किसान, एक ग्राहक होता है। इसलिए उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत किसान, को भी संरक्षण मिलता है। इसके तहत किसान बीज विक्रेता के खिलाफ, मुआवजा प्राप्त करने के लिए दावा कर सकता है। इसके लिए किसी वकील की जरूरत नहीं होती। किसान स्वयं या उसके परिवार का कोई भी सदस्य जो शिक्षित है, मामले में वकील की तरह प्रस्तुत हो सकता है। उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत बीज खरीदने के लिए जो मूल्य चुकाए है वह तो वापस मिलेगा ही, नकली बीज होने के कारण खेती में जो नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा भी मिलेगा। यह मामला सालों साल तक भी नहीं चलता। फटाफट फैसला होता है।
भारतीय न्याय संहिता
किसान, नकली बीज बेचने वाले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 धोखाधड़ी, धारा 336 जालसाजी, धारा 338 फर्जी डॉक्यूमेंट और धारा 61 आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज करवाया जा सकता है। इन धाराओं में नकली बीज बेचने का अपराध करने वाले व्यापारी को 7 साल जेल का प्रावधान है। यदि पुलिस मामला दर्ज करने से इंकार करें तो कृपया सादा कागज पर आवेदन दें और शिकायत की पावती प्राप्त करें। एक महीने के बाद अपने जिले के न्यायालय में प्राइवेट पिटीशन लगा दें। बाकी सारा काम कोर्ट कर देगी।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल किसानों को एजुकेशन के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है। विभिन्न राज्यों में इस विषय पर राज्य सरकारों के अपने कानून भी हो सकते हैं। कृपया किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से पहले लीगल एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।
