ED Raids on IPAC Office: प्रवर्तन निदेशालय की पश्चिम बंगाल में छह स्थानों पर छापेमारी जारी है। इनमें टीएमसी के आईटी सेल के कार्यालय पर भी छापेमारी हुई है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि आईटी सेल के कार्यालय से मतदाताओं के आंकड़े और चुनाव की रणनीति व आंकड़ों को उठा लिया गया है। मुख्यमंत्री ने चार बजे राज्यभर में विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। वहीं, भाजपा ने भी बयान जारी कर मुख्यमंत्री पर पलटवार किया है।
कल मार्च निकालेंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
राजनीतिक परामर्श कंपनी आईपीएसी के कार्यालय पर ईडी की छापेमारी के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को प्रदर्शन करेंगी। तृणमूल कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
टीएमसी को राजनीतिक परामर्श देने के अलावा, आईपीएसी पार्टी के आईटी और मीडिया संचालन का भी प्रबंधन करती है। सूत्रों ने बताया कि टीएमसी सुप्रीमो बनर्जी दोपहर दो बजे जादवपुर 8बी बस स्टैंड से हाजरा मोड़ तक मार्च का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताया और कहा कि इसका मकसद विधानसभा चुनावों से पहले सत्तारूढ़ पार्टी को डराना है। यह घोषणा ममता बनर्जी के गुरुवार को आई-पैक प्रमुख प्रतीक जैन के कोलकाता स्थित आवास पर अचानक पहुंचने के कुछ घंटों बाद हुई है। ईडी की तलाशी के दौरान बनर्जी ने आरोप लगाया था कि केंद्रीय एजेंसी तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी दस्तावेजों, हार्ड डिस्क और चुनाव रणनीति से जुड़े संवेदनशील डिजिटल डाटा को जब्त करने का प्रयास कर रही है।
समिक भट्टाचार्य ने पूछा- फाइल छीनकर किसे बचाना चाहती हैं मुख्यमंत्री?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सामिक भट्टाचार्य ने कहा, सांविधानिक प्रमुख (ममता बनर्जी) सबूत और फाइलें छीनकर किसकी रक्षा करना चाहती हैं? उन्होंने कोयला घोटाले और हवाला मामलों में शामिल लोगों को बचाने के लिए ऐसा किया है। यह पश्चिम बंगाल के लिए काला दिन है। पश्चिम बंगाल की जनता ने 2026 के चुनावों में टीएमसी की विदाई करने का फैसला कर लिया है।
हमारी चुनाव प्रचार से जुड़ी योजना को चुराने का प्रयास: कुणाल घोष
आईपीएसी कार्यालय पर ईडी की छापेमारी पर टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, जब ‘वोट चुराने वाली’ भाजपा ने देखा कि उसकी ‘वोट चोरी’ विफल हो रही है, तो उन्होंने ‘डाटा चोरी’ की यह साजिश रची। अब तक इन मामलों की कोई जांच क्यों नहीं हुई? आईपीएसी हमारी सलाहकार संस्था है और आज हमारे चुनाव प्रचार से संबंधित डाटा और योजना चुराने का प्रयास किया गया है।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भरोसा नहीं करती भाजपा: आम आदमी पार्टी
कोलकाता स्थित आईपीएसी कार्यालय पर ईडी की छापेमारी पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा, इससे एक बार फिर साफ हो गया है कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भरोसा नहीं करती। चाहे चुनाव हों या राजनीति..जहां भी वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के जरिए अपने प्रतिद्वंद्वियों का मुकाबला नहीं कर पाते, वे ईडी, सीबीआई और इन सभी एजेंसियों का इस्तेमाल करते हैं। अब तक उन्होंने राजनेताओं पर इनका इस्तेमाल किया है। अब वे पार्टियों को चुनाव प्रचार करने से रोकना चाहते हैं। पार्टियों के फंड पहले से ही नियंत्रण में हैं। केवल भाजपा को ही चुनाव फंड और चंदा दिया जा सकता है।
